ताजा पोस्ट

कांग्रेस ने दिखाया दम!

ByNI Desk,
Share
कांग्रेस ने दिखाया दम!
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी के बहाने कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को दिल्ली में शक्ति प्रदर्शन किया। लंबे समय के बाद कांग्रेस के सारे बड़े नेता और हजारों कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कांग्रेस पार्टी के दोनों मुख्यमंत्रियों के साथ साथ पार्टी के सारे बड़े नेताओं और पदाधिकारियों ने दिल्ली की सड़कों पर मार्च किया। लगभग सभी बड़े नेताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने थाने में जाकर हिरासत में लिए गए पार्टी नेताओं से मुलाकात की। कांग्रेस ने पुलिस पर ज्यादती का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने पी चिदंबरम के साथ धक्कामुक्की की और प्रमोद तिवारी को सड़क पर फेंक दिया, जिससे उनकी पसलियां टूट गईं हैं। गौरतलब है कि राहुल गांधी नेशनल हेराल्ड से जुड़े कथित घोटाला मामले सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी के सामने पेश हुए। उससे पहले कांग्रेस नेताओं ने उनके प्रति समर्थन दिखाने के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया। कांग्रेस के इस प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा का पुख्ता बंदोबस्त किया था। कांग्रेस मुख्यालय को जाने वाली सड़क अकबर रोड को बंद कर दिया गया था और कांग्रेस अध्यक्ष के आवास वाली सड़क जनपथ को भी बंद किया गया था। प्रदर्शन करने से रोके जाने और हिरासत में लिए जाने से नाराज कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की ईडी के सामने पेशी पर पार्टी के ‘सत्याग्रह’ को रोकने के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने नई दिल्ली इलाके में ‘अघोषित आपातकाल’ लगा दिया। इससे पहले सोमवार की सुबह राहुल गांधी एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर स्थित ईडी मुख्यालय तक जाने के लिए कांग्रेस मुख्यालय से पैदल निकले। इस मौके पर उनके साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी थे। पुलिस ने मार्च शुरू होने के कुछ देर बाद कांग्रेस नेताओं को रोक लिया और उन्हें हिरासत में ले लिया। बाद में राहुल गांधी गाड़ी में सवार होकर ईडी मुख्यालय पहुंचे। कांग्रेस ने बताया कि अशोक गहलोत, मल्लिकार्जुन खड़गे, दिग्विजय सिंह, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, वरिष्ठ नेता हरीश रावत, जयराम रमेश और कई अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। बाद में प्रियंका गांधी ने तुगलक रोड थाने पहुंचकर हिरासत में लिए गए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। पार्टी की ओर से बताया गया पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की में वेणुगोपाल की तबियत बिगड़ गई थी और उन्हें सांस लेने में थोड़ी दिक्कत होने लगी थी, हालांकि बाद में उनकी सेहत में सुधार हुआ। कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि दिल्ली पुलिस एक दिन पहले से ही कांग्रेस नेताओं की धरपकड़ कर रही थी। बहरहाल, हिरासत में लिए जाने का एक वीडियो ट्विट करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- आज जिस तरह कांग्रेस पार्टी के शांतिपूर्ण मार्च को रोका जा रहा है, यह तानाशाही पूरा देश देख रहा है। कांग्रेस मुख्यालय की घेराबंदी कर दी गई, चारों तरफ पुलिस लगा दी गई, नेताओं-कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। मुझे भी ईडी कार्यालय जाते समय साथियों के साथ हिरासत में लिया गया।
Tags :
Published

और पढ़ें