नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे में हुई सुरक्षा चूक को लेकर भाजपा भी हमलावर हो गई है। घटना के एक दिन बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला किया। उन्होंने उत्तराखंड की एक सभा में कहा कि प्रधानमंत्री देश का होता है, किसी पार्टी विशेष का नहीं। उन्होंने सवाल करते हुए कहा- क्या इसकी कल्पना की जा सकती है कि प्रधानमंत्री कहीं जाएं और उनकी सुरक्षा में चूक हो जाए? पंजाब में ऐसा हुआ है और इसके लिए जनता कांग्रेस को क्षमा नहीं करेगी।
राजनाथ सिंह ने कहा- भारत अब कमजोर नहीं है। हम दुश्मन को इस पार भी मार सकते हैं और उस पार भी। उनसे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर आदि ने बुधवार को कांग्रेस और पंजाब सरकार पर निशाना साधा था। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उनका मानना है कि देश की न्यायिक प्रणाली सभी को न्याय देती है। साथ ही उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय बड़ा और कड़ा फैसला लेगा।