नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने असम और मध्यप्रदेश की राज्यसभा की दो सीटों के उपचुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने सात जुलाई को सरकार में शामिल किए गए दो केंद्रीय मंत्रियों को उम्मीदवार बनाया है। असम की सीट से सर्बानंद सोनोवाल और मध्य प्रदेश की सीट से एल मुरुगन को उम्मीदवार बनाया गया है। दोनों राज्यों में भाजपा की सरकार है और उसके दोनों उम्मीदवारों का चुनाव जीतना तय है। (Rajya sabha election BJP)
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने छह राज्यों की सात राज्यसभा सीटों के लिए उपचुनाव की घोषणा की है, जिसके लिए अधिसूचना जारी हो गई है। सात में से इन दो सीटों पर भाजपा का जीतना तय है। इसलिए जुलाई में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में फेरबदल के दौरान मंत्री बनाए गए दो लोगों को उम्मीदवार बनाया गया है क्योंकि संवैधानिक नियमों के तहत उनको छह महीने में संसद के किसी सदन का सदस्य होना होगा।
असम में बिस्वजीत डिमरी के इस्तीफा देने से राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई थी। डिमरी को असम विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया है। मध्य प्रदेश में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलोत ने कर्नाटक का राज्यपाल बनाए जाने के बाद इस्तीफा दे दिया था, जिससे उच्च सदन की एक सीट खाली हो गई। इन दो राज्यों के अलावा तमिलनाडु में दो सीटों पर चुनाव होना है और उसके अलावा महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और पुड्डुचेरी की एक-एक सीटों पर उपचुनाव होना है।