ताजा पोस्ट

राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित

ByNI Desk,
Share
राज्यसभा की कार्यवाही 2 बजे तक के लिए स्थगित
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में हुई हिंसा को लेकर बहस की मांग के चलते आज राज्यसभा में हंगामे के बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी। बजट सत्र के दूसरे चरण में लगातार दूसरे दिन सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर आवश्यक दस्तावेज सदन पटल पर रखे जाने के दौरान ही सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। वित्त राज्य मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर जैसे ही वित्त मंत्रालय से संबंधित दस्तावेज पटल पर रखने के लिए खड़े हुये तो कांग्रेस सदस्य अपनी सीटों पर खड़े होकर ठाकुर के विरोध में जोर जोर से बोलने लगे। इसी दौरान रेल मंत्री पीयूष गोयल भी खड़े होकर कांग्रेस के सदस्यों के हंगामे पर कुछ बोलने लगे जिसे शोरगुल के कारण नहीं सुना जा सका। इसबीच कांग्रेस के साथ ही तृणमूल कांग्रेस के सुखेंदु शेखर राय और द्रमुक के तिरूची शिवा सहित कुछ और सदस्य अपनी सीटों पर खड़े होकर बोलने लगे। तभी सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी अपनी सीट पर खड़े होकर बोलने लगे। उनके साथ ही सत्ता पक्ष के सदस्य भी जोर जोर से बोलने लगे। तृणमूल कांग्रेस की शांता छेत्री और नदीमुल हक गलियारे में आ गये जिस पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें अपनी सीटों पर लौटने के लिए कहा। नायडू ने कहा कि जो स्थिति अभी सदन में बनी है उसी के कारण वे दिल्ली हिंसा पर यहां अभी चर्चा की अनुमति नहीं दे रहे हैं। इसके बाद भी सदन में हंगामा जारी रहने पर उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
Published

और पढ़ें