ताजा पोस्ट

डिटेंशन सेंटर में ही रहेंगे रोहिंग्या

ByNI Desk,
Share
डिटेंशन सेंटर में ही रहेंगे रोहिंग्या
नई दिल्ली। रोहिंग्या लोगों को दिल्ली सरकार को बनवाए सस्ते फ्लैट्स में शिफ्ट करने की केंद्र की कोई योजना नहीं है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक ट्विट में यह बात कही थी लेकिन उसके बाद केंद्रीय गृहह मंत्रालय ने दखल देकर इस मामले पर स्थिति साफ की है। गृह मंत्रालय ने कहा है कि रोहिंग्याओं को डिटेंशन सेंटर में ही रखा जाएगा। इससे पहले केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने ट्विट करके कहा था कि अब देश की राजधानी के बक्करवाला में रोहिंग्याओं को ईडब्लुएस फ्लैट्स में शिफ्ट किया जाएगा। उनके इस ट्विट के बाद आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने अपने ट्विट में लिख भाजपा को घेरा- उन्होंने अपने ट्विट में लिखा- भारत के अंदर रोहिंग्या लाने वाले भाजपाई, अब बसाने वाले भाजपाई, अपनी पीठ थपथपाने वाले भी भाजपाई। इतना ही नहीं, सरकार के इस तथाकथित फैसले से विश्व हिंदू परिषद भी काफी नाराज दिख रही है। बाद में गृह मंत्रालय ने इस पर सफाई दी और कहा कि ऐसी किसी योजना को लेकर आगे बढ़ने का इरादा नहीं है। गृह मंत्रालय ने कहा- रोहिंग्या अवैध विदेशियों के संबंध में मीडिया के कुछ हिस्सों में समाचार के बारे में यह स्पष्ट किया जाता है कि गृह मंत्रालय ने नई दिल्ली के बक्करवाला में रोहिंग्या अवैध प्रवासियों को ईडब्लुएएस फ्लैट देने का कोई निर्देश नहीं दिया है। अपने दूसरे ट्विट में गृह मंत्रालय ने कहा- दिल्ली सरकार ने रोहिंग्याओं को एक नए स्थान पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा था। गृह मंत्रालय ने एनसीआर दिल्ली की सरकार को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि रोहिंग्या अवैध विदेशी वर्तमान स्थान पर बने रहेंगे क्योंकि गृह मंत्रालय पहले ही विदेश मंत्रालय के जरिए संबंधित देश के साथ उनके निर्वासन का मामला उठा चुका है। गृह मंत्रालय ने एक तीसरे ट्विट में स्थिति को और स्पष्ट करते हुए कहा कि अवैध विदेशियों को कानून के अनुसार उनके निर्वासन तक डिटेंशन सेंटर में रखा जाना है।
Tags :
Published

और पढ़ें