मॉस्को। यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध में परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की आशंका के बीच रूस ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उसने बुधवार को बैलेस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने खुद इसकी निगरानी की। रूस के सरकारी न्यूज चैनल की ओर से इसकी वीडियो जारी की गई है। रूस ने आर्कटिक सागर में इसका परीक्षण किया। यह एक तरह की एटमी ड्रिल है।
तकनीकी तौर पर इस एटमी ड्रिल को रणनीतिक प्रतिरोध बल कहा जाता है। इसका मतलब है कि रूस जवाबी हमले की तैयारी कर रहा है। ध्यान रहे रूस पिछले कई दिनों से यह माहौल बना रहा है कि यूक्रेन उसके खिलाफ डर्टी बम का इस्तेमाल कर सकता है। हालांकि अमेरिका सहित कई यूरोपीय देशों ने इस आशंका को खारिज किया है। लेकिन रूस इसी बहाने अपने हमले की तैयारी कर रहा है।
बुधवार को बैलेस्टिक मिसाइल लांच किए जान पर रूस सरकार की तरफ से जारी बयान में कहा गया है- राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व में बैलेस्टिक और क्रूज मिसाइल लांच की गई। रूस के पूर्वी हिस्से में मौजूद कामचात्का में यह मिसाइल टेस्ट किए गए। यह आर्कटिक सागर का क्षेत्र है। परीक्षणके दौरान रूस के नए और हाईटेक टीयू-95 एयरक्राफ्ट भी इस्तेमाल किए गए। रूस का दावा है कि लांच की गईं सभी मिसाइलों ने टारगेट पर सही निशाना साधा।
गौरतलब है कि रूस के पास अंतर महाद्विपीय बैलेस्टिक मिसाइल मौजूद हैं। ये दुनिया के किसी भी हिस्से तक पहुंच सकती हैं। इसके अलावा उनके पास ऐसे तमाम फाइटर जेट्स और सबमरीन मौजूद हैं जो एटमी हमले कर सकते हैं। एक तरफ, अमेरिका दावा कर रहा है कि रूस की फौज यूक्रेन पर एटमी हमला कर सकती है। दूसरी तरफ, रूस का कहना है कि अमेरिका और नाटो उस पर परमाणु हमले की तैयारी कर रहे हैं।