ताजा पोस्ट

महाराष्ट्र, कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों से मिलेंगे शाह

ByNI Desk,
Share
महाराष्ट्र, कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों से मिलेंगे शाह
नई दिल्ली। महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच चल रहे सीमा विवाद को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से मिलेंगे। इससे पहले शुक्रवार को दिल्लीमें अमित शाह और महाराष्ट्र के विपक्षी गठबंधन महाविकास अघाड़ी के सांसदों के बीच बैठक हुई। अघाड़ी के सांसदों का एक दल सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गृह मंत्री से मिलने पहुंचा। इस बैठक में दोनों राज्यों के बीच चल रहे विवाद के अलावा महाराष्ट्र के अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद एनसीपी के एक नेता ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच जारी सीमा विवाद को लेकर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से 14 दिसंबर को मुलाकात करेंगे। महाराष्ट्र के शिरुर से लोकसभा के सदस्य कोल्हे ने कहा कि बैठक के दौरान एमवीए प्रतिनिधिमंडल ने शाह को बताया कि महाराष्ट्र और कर्नाटक के बीच सीमा विवाद अब उस स्तर पर पहुंच गया है कि उससे हिंसा भड़क सकती है। कोल्हे ने कहा कि शाह ने 14 दिसंबर को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई की बैठक बुलाई है। उधर, सीमा विवाद को लेकर बेंगलुरु स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के बाहर प्रदर्शन होने की खबर है। जानकारी के मुताबिक, यहां के गांधीनगर स्थित बैंक के बाहर नम्मा कर्नाटक सेना के सदस्यों ने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। इस बीच महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस मसले पर भाजपा पर निशाना साधा। उद्धव ने सवालिया लहजे में कहा- जिस तरह राज्य की बड़ी परियोजनाएं गुजरात भेज दी गईं, इससे गुजरात चुनाव में भाजपा को फायदा मिला क्या उसी तरह कर्नाटक चुनाव के पहले राज्य के हमारे कुछ गांवों को कर्नाटक को बीजेपी बेच रही है?
Published

और पढ़ें