ताजा पोस्ट

विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को झटका

ByNI Desk,
Share
विधानसभा उपचुनाव में भाजपा को झटका
नई दिल्ली। लोकसभा के उपचुनाव में दो सीटें जीत कर जहां भाजपा ने बहुत शानदार प्रदर्शन किया वहीं विधानसभा चुनाव में उसे झटका लगा। वह दिल्ली की राजेंदर नगर सीट पर आम आदमी पार्टी की जीत नहीं रोक सकी। झारखंड की मांडर सीट पर भी कांग्रेस जीत गई। उधर त्रिपुरा में भी अगरतला सीट पर भाजपा को हरा कर कांग्रेस का उम्मीदवार जीता है। हालांकि त्रिपुरा में भाजपा चार में से तीन सीटों पर जीती है। आंध्र प्रदेश की एक सीट सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस ने जीत ली है। देश के चार राज्यों में विधानसभा की सात सीटों पर उपचुनाव हुए थे, जिनमें से भाजपा तीन सीटों पर जीती है। कांग्रेस के खाते में दो सीटें गई हैं, जबकि एक-एक सीट आम आदमी पार्टी और वाईएसआर कांग्रेस ने जीती है। नई दिल्ली की राजेंदर नगर सीट आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर आप ने दुर्गेश पाठक को, भाजपा ने पूर्व पार्षद राजेश भाटिया को और कांग्रेस ने प्रेम लता को मैदान में उतारा था। इस सीट पर आप के दुर्गेश पाठक ने 11,468 वोटों से जीते हैं। त्रिपुरा में अगरतला, बोरदोवाली टाउन और सूरमा से भाजपा विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था, जबकि जुबाराजगर से सीपीएम विधायक का निधन हो गया था। बोरदोवाली टाउन सीट पर मुख्यमंत्री माणिक साहा ने कांग्रेस के आशीष कुमार साहा के खिलाफ जीत हासिल की है। माणिक ने 6,104 वोटों से जीत दर्ज की है। अगरतला सीट पर भाजपा के पूर्व विधायक सुदीप रॉय बर्मन ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की है। जुबाराजगर सीट पर भाजपा के मलिना देबनाथ ने जीत हासिल की है। वहीं, सूरमा सीट पर भाजपा के स्वप्न दास पॉल ने जीत हासिल की है। झारखंड में रांची जिले की मांडर विधानसभा सीट कांग्रेस के विधायक बंधु तिर्की के अयोग्य घोषित होने के बाद खाली हुई थी। उस सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस ने बंधु तिर्की की बेटी शिल्पी नेहा तिर्की को टिकट दिया था। उन्होंने भाजपा की गंगोत्री कुजूर को हरा कर सीट जीत ली। उधर आंध्र प्रदेश की आत्मकुर सीट पर वाईएसआर कांग्रेस के मेकापति विक्रम रेड्डी चुनाव जीते हैं। यह सीट पहले भी वाईएसआर कांग्रेस के पास ही थी।
Tags :
Published

और पढ़ें