ताजा पोस्ट

नोएडा का गालीबाज नेता गिरफ्तार

ByNI Desk,
Share
नोएडा का गालीबाज नेता गिरफ्तार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नोएडा की ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से अभद्रता करने वाले नेता श्रीकांत त्यागी को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पर नोएडा पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम रखा था। पुलिस ने श्रीकांत सहित चार आरोपियों को पकड़ा है। इससे पहले छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि उसे सुरक्षा देने की सिफारिश किसने की थी। नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने मीडिया से बात करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- श्रीकांत त्यागी ने पूछताछ में बताया कि गाड़ी पर लगे विधानसभा के स्टिकर पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने दिलवाए थे। यह खुलासा होने के बाद अब तक बैकफुट पर आ गई भाजपा ने हमलावर रुख अख्तियार किया है और सपा से पूछा है कि वह बताए कि स्वामी प्रसाद मौर्य का आरोपी से क्या संबंध है। बहरहाल, आरोपी श्रीकांत त्याग पुलिस से बचने के लिए मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत में घूमता रहा। इससे पहले यह ऋषिकेश से सहारनपुर होते हुए मेरठ वापस आया था। आरोपी लगातार अपना मोबाइल बदल रहा था। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से श्रीकांत को पकड़ने में महत्वपूर्ण मदद मिली। पुलिस कमिश्नर ने बताया- आरोपी लग्जरी गाड़ियों पर वीवीआईप नंबर रखने का शौकीन है। ऐसे सभी नंबर पाने के लिए इसने एक-एक लाख रुपए तक खर्च किए हैं। उन्होंने बताया कि गाजियाबाद पुलिस से श्रीकांत त्यागी को कैसे सुरक्षा मिली, इस पर शासन स्तर से जांच चल रही है। कमिश्नर आलोक सिंह ने कहा- आज शाम को श्रीकांत त्यागी सूरजपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। उस पर गैंगस्टर एक्ट लगेगा। संपत्ति भी जब्त होगी। गौरतलब है कि पिछले एक हफ्ते से श्रीकांत त्यागी को लेकर भाजपा और नोएडा पुलिस दोनों परेशान था। उसकी फरारी में पुलिस ने बुलडोजर चला कर उसके घर का अवैध निर्माण भी गिराया था।
Published

और पढ़ें