
चंडीगढ़। चुनाव के पहले से ही कांग्रेस के लिए सिरदर्द बने पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलेंगे। सिद्धू ने खुद ट्विट करके इसकी जानकारी दी और कहा कि वे राज्य की आर्थिक दशा बदलने पर चर्चा करने के लिए सोमवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात करेंगे। गौरतलब है कि कांग्रेस की करारी हार के बाद सिद्धू को प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ना पड़ा था।
बहरहाल, नवजोत सिंह सिद्धू ने रविवार को ट्विट किया- पंजाब की अर्थव्यवस्था के पुनरुद्धार के मामलों पर चर्चा करने के लिए कल शाम सवा पांच बजे चंडीगढ़ में सीएम भगवंत मान से मुलाकात करूंगा। पंजाब का पुनरुत्थान केवल ईमानदार सामूहिक प्रयास से ही संभव है। पिछले महीने उन्होंने मुख्यमंत्री पर दिल्ली में आम आदमी पार्टी के आकाओं का माउथपीस होने का आरोप लगाया था और उनको रबर की गुड़िया भी कहा था।