ताजा पोस्ट

खड़गे के घर जाकर सोनिया ने दी बधाई

ByNI Desk,
Share
खड़गे के घर जाकर सोनिया ने दी बधाई
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष के प्रोटोकॉल और उनकी गरिमा का ख्याल रखते हुए कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मल्लिकार्जुन खड़गे के घर जाकर उनको बधाई दी। कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने के तुंरत बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोनिया गांधी से मिलने के समय मांगा था। वे 10, जनपथ जाकर उनका शुक्रिया अदा करना चाहते थे। तब उनको बताया गया कि सोनिया गांधी उनके घर पहुंचेंगी। मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत की आधिकारिक घोषणा के बाद सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा उनके घर पहुंचीं। दोनों ने गर्मजोशी के साथ खड़गे से मुलाकात की और पार्टी का अध्यक्ष बनने की बधाई और शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस में यह परंपरा है कि सारे नेता 10, जनपथ जाते हैं। बहुत कम ऐसे मौके होंगे, जब सोनिया गांधी किसी नेता के घर गई होंगी। बुधवार को उन्होंने राजाजी मार्ग स्थित खड़गे के घर जाकर उनको बधाई दी। इससे पहले एक मौका और आया था, जब सोनिया गांधी खुद मनमोहन सिंह के घर पहुंची थीं। उस दौरान कोयला घोटाले में पूर्व प्रधानमंत्री को समन किया गया था। तब सोनिया ने पार्टी दफ्तर से मनमोहन के घर तक एक मार्च निकाला था। बहरहाल, अध्यक्ष के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे से हारे कांग्रेस के सांसद शशि थरूर ने खड़गे से मिल कर उनको बधाई दी। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करके कहा- हमें खड़गे जी की जीत को कांग्रेस पार्टी की जीत मानना चाहिए। यह चुनाव किसी एक व्यक्ति के बारे में नहीं था, बल्कि हमेशा पार्टी के बारे में था। मैं हमेशा से पार्टी को मजबूत करना चाहता था क्योंकि देश के लिए कांग्रेस को मजबूत करना बहुत जरूरी है।
Tags :
Published

और पढ़ें