ताजा पोस्ट

भागे महिंदा राजपक्षे

ByNI Desk,
Share
भागे महिंदा राजपक्षे
कोलंबो। भारत के दक्षिण पड़ोसी श्रीलंका में गृह युद्ध के हालात बन गए हैं। सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर सरकार समर्थकों के हमले से गुस्साए आम लोग हजारों की संख्या में सड़कों पर उतरे हैं और सत्ता पक्ष के लोगों को निशाना बना रहे हैं। सत्तापक्ष के सांसदों और मंत्रियों के घरों में आग लगाई जा रही है। लोगों के हिंसक प्रदर्शन के बाद सोमवार को प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे ने इस्तीफा दे दिया। लेकिन इससे लोगों की नाराजगी कम नहीं हुई।  लोगों की नाराजगी से बचने के लिए महिंदा राजपक्षे और उनके परिवार अपना घर छोड़ कर भाग गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और उनका परिवार नौसेना के के एक बेस में छिपा है। यह भी खबर है कि उनका बेटा देश छोड़ कर भाग गया है। बताया जा रहा है कि वह पहले ही श्रीलंका से भाग कर सिंगापुर पहुंच गया है। गौरतलब है कि देश में बढ़ती बेहिसाब महंगाई और आर्थिक संकट की वजह से लोगों ने पिछले महीने सरकार विरोधी प्रदर्शन शुरू किया। लोग शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन सोमवार को अचानक सरकार समर्थकों ने प्रदर्शनकारियों पर हमला कर दिया, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। बहरहाल, पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे के बारे में बताया जा रहा है कि वे त्रिंकोमाली में नौसेना बेस में शरण लिए हुए हैं। हालांकि प्रदर्शनकारी वहां भी पहुंच गए हैं। नौसेना बेस के बाहर प्रदर्शनकारी मौजूद हैं और राजपक्षे को बाहर निकालने की मांग कर रहे हैं। विपक्षी नेताओं ने महिंदा राजपक्षे को गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि महिंदा राजपक्षे ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को उकसाया, जिससे हिंसा भड़की। इस बीच सोमवार को हुई हिंसा में मरने वालों का आंकड़ा मंगलवार को आठ पहुंच गया। सोमवार को भड़की हिंसा मंगलवार को देश के कई हिस्सों में जारी रही। कर्फ्यू लगा दिए जाने के बाद भी हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे। कोलंबो में मंगलवार को भीड़ ने पश्चिमी प्रांत के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी देशबंधु तेनाकून पर हमला किया। बाद में उनकी गाड़ी में भी आग लगा दी गई। श्रीलंकाई सांसद जनक बंडारा तेनाकून के दांबुला स्थित घर में आग लगा दी गई। प्रदर्शनकारियों ने पूर्व मंत्री रोहिता अबेगुणवर्धने के आवास पर हमला किया। इससे पहले प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को हंबनटोटा में महिंदा राजपक्षे के पुश्तैनी घर को आग को आग लगा दी। वहीं, राजधानी कोलंबो में पूर्व मंत्री जॉनसन फर्नांडो को कार सहित झील में फेंक दिया गया। अब तक 12 से ज्यादा मंत्रियों के घर जलाए जा चुके हैं। सोमवार को प्रदर्शनकारी प्रधानमंत्री आवास में घुस गए थे और वहां गाड़ियों में आग लगा दी थी, जिसके बाद पीएम आवास के अंदर गोलीबारी हुई। एक दिन पहले सोमवार को श्रीलंका के सांसद अमरकीर्ति अथुकोरला की मौत की खबर भी आई थी।
Published

और पढ़ें