नई दिल्ली। मंडोली जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर ने आम आदमी पार्टी के ऊपर बड़ा आरोप लगा है। करीब दो सौ करोड़ रुपए के ठगी के आरोपी सुकेश ने कहा है कि उसने दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को 50 करोड़ रुपए दिए। सुकेश ने यह आरोप भी लगाया है कि दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद अरविंद केजरीवाल सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन को उसने 10 करोड़ रुपए की प्रोटेक्शन मनी दी थी। उसने कहा कि गिरफ्तारी से पहले दक्षिण भारत में आम आदमी पार्टी का कोई बड़ा पद लेने के लिए उसने 50 करोड़ रुपए दिए थे।
सुकेश चंद्रशेखर ने दिल्ली के उप राज्यपाल वीके सक्सेना को चिट्ठी लिख कर यह आरोप लगाया है। उसने लिखा है कि तिहाड़ में प्रोटेक्शन मनी के तौर पर आ सत्येंद्र जैन को उसने 10 करोड़ रुपए दिए थे। गौरतलब है कि जेल जाने से पहले सत्येंद्र जैन जेल मंत्री भी थे। उसने चिट्ठी में आरोप लगाया है कि जैन ने अपने पीए के जरिए प्रोटेक्शन मनी के तौर पर दो करोड़ रुपए महीना देने की मांग की थी।
सुकेश चंद्रशेखर के इन आरोपों पर आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा- अभी मैंने पढ़ा इस आरोप के बारे में। पंजाब चुनाव से पहले वो कुमार विश्वास को लेकर आए थे। गुजरात में इतनी बुरी हालत हो रही है कि उन्हें सुकेश चंद्रशेखर की जरूरत पड़ रही है। केजरीवाल ने मंगलवार को कहा- परसों मोरबी का हादसा होता है। लगता नहीं कि मोरबी से ध्यान भटकाने के लिए फर्जी स्टोरी प्लांट की गई है? अब सभी चैनल सुकेश की बात कर रहे हैं।
सुकेश ने दावा किया है कि तिहाड़ में प्रोटेक्शन मनी के तौर पर सत्येंद्र जैन को उसने 10 करोड़ रुपये दिए थे। उसका दावा है कई बार सत्येंद्र जैन उससे मिलने तिहाड़ जेल भी गए थे। यह चिट्ठी 18 अक्टूबर को लिखी गई है। इसके बाद उप राज्यपाल ने जांच के आदेश दिए हैं। आरोप सामने आने के बाद भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि सत्येंद्र जैन दरअसल सुकेश के दोस्त हैं। एक जेल से क्राइम कर रहे थे और एक जेल के बाहर से। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार जनता को ठगने का काम कर रही है। इसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।
Tags :Sukesh Chandrasekhar