समाचार मुख्य

स्वतंत्र देव सिंह बने यूपी के अध्यक्ष

ByNI Desk,
Share
स्वतंत्र देव सिंह बने यूपी के अध्यक्ष
लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले राज्यों में भाजपा के संगठनात्मक चुनावों की प्रक्रिया तेज हो गई है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष का चुनाव हुआ। पिछले दिनों अध्यक्ष मनोनीत किए गए स्वतंत्र देव सिंह को औपचारिक रूप से पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। वे अध्यक्ष मनोनीत होने से पहले योगी आदित्यनाथ की सरकार में मंत्री थे। उन्होंने एक दिन पहले गुरुवार को अपना नामांकन दाखिल किया था, उनके खिलाफ किसी ने भी दावेदारी नहीं की थी। भाजपा राष्ट्रीय महासचिव और केंद्रीय पर्यवेक्षक भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को स्वतंत्र देव सिंह को पार्टी का निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में स्वतंत्र देव सिंह को भूपेंद्र यादव ने प्रमाण पत्र दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा- एक ही नामांकन पत्र दाखिल हुआ था। इसी कारण स्वतंत्र देव सिंह के नाम की घोषणा करता हूं। इससे पहले राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के मनोनयन का प्रस्ताव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रखा था। उप  मुख्यमंत्री और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, रमापति राम त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री के प्रस्ताव का समर्थन किया। राष्ट्रीय परिषद के 80 सदस्यों को मनोनीत करने का अधिकार नए प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ चुनाव अधिकारी कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन 'गोपाल' और देवरिया के सांसद रमापति राम त्रिपाठी भी मौजूद थे। अध्यक्ष बनने के बाद स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारत माता के लिए जीवन कुर्बान करने के संस्कार भाजपा में ही मिल सकते हैं।
Published

और पढ़ें