ताजा पोस्ट

राज्य सभा में उठा कैंसर के बढ़ते मरीजों का मुद्दा

ByNI Desk,
Share
राज्य सभा में उठा कैंसर के बढ़ते मरीजों का मुद्दा
नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के रेवती रमण सिंह ने आज राज्य सभा में कैंसर के बढ़ते मरीजों का मसला उठाया और इस जानलेवा बीमारी की आरंभिक अवस्था में जांच के इंतजाम करने एवं बेहतर उपचार व्यवस्था की मांग की। सिंह ने शून्य काल के दौरान इस मसले को लेकर कहा कि विभिन्न कारणों से देश में कैंसर के मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी जानकारी पीड़ितों को बहुत देर में हो पाती है। उन्होंने कहा कि यदि इस बीमारी की जानकारी प्रारंभिक अवस्था में हो जाए तो इसका निदान भी संभव है। उन्होंने कहा कि करीब 12 लाख से अधिक लोग प्रतिवर्ष कैंसर की चपेट में आते हैं। उन्होंने कहा कि इससे पहले यह बीमारी विकराल रूप धारण न कर ले, इसकी रोकथाम के उपाय और उपचार की बेहतर व्यवस्थाएं कर ली जानी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के वी पी सहस्त्रबुद्धे ने थैलेसेमिया की बीमारी का मसला उठाया और सरकार से इस बारे में एक नीति बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि साइप्रस में इससे संबंधित एक नीति बनायी गयी है जिसका अध्ययन करके सरकार को एक नीति बनानी चाहिए।
Published

और पढ़ें