
मुंबई। शेयर बाजार और भारतीय मुद्रा रुपए में गिरावट का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शेयर बाजार लगातार छठे दिन गिरावट के साथ बंद हुआ। शुक्रवार को बांबे स्टॉक एक्सचेंज यानी बीएसई में 135.37 अंक की गिरावट हुई। कारोबार समाप्त होने पर बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक 51,360.42 अंक पर बंद हुआ। इससे पहले कारोबार में बीएसई का सूचकांक 574 अंक की गिरावट के साथ साल के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया था। माना जा रहा है कि संस्थागत विदेशी निवेशकों की बिकवाली से शेयर बाजार में लगातार गिरावट हो रही है।
दूसरी ओर निफ्टी में भी गिरावट का दौर जारी रहा। शुक्रवार को निफ्टी 67.10 अंक यानी 0.44 फीसदी की गिरावट के साथ 15,293.50 पर बंद हुआ। भारत का शेयर बाजार अंतरराष्ट्रीय बाजारों की स्थिति से भी प्रभावित हो रहा है। अमेरिका में लगातार गिरावट हो रही है हालांकि शुक्रवार को यूरोपीय बाजार में तेजी रही। एशियाई बाजारों में टोक्यो और सोल में गिरावट रही, जबकि हांगकांग और शंघाई में बाजारों में तेजी रही।