मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज पर दिए गए बयान का विवाद शांत नहीं हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को राज्यपाल कोश्यारी पर बड़ा हमला किया। उन्होंने राज्यपाल पर तंज करते हुए कहा कि वे केंद्र की ओर से अमेजन के जरिए महाराष्ट्र में भेजा गया पार्सल हैं। उद्धव ने कहा कि अगर राज्यपाल को हटाया नहीं गया तो प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को वापस बुलाने की मांग की।
उद्धव ठाकरे ने गुरुवार को संवाददाताओं से कहा- यह राज्यपाल केंद्र सरकार द्वारा अमेजन के माध्यम से महाराष्ट्र भेजा गया एक पार्सल है, अगर वे उसे दो से पांच दिनों के भीतर वापस नहीं भेजते हैं, तो राज्य भर में विरोध प्रदर्शन या बंद का आयोजन किया जाएगा। गौरतलब है कि छत्रपति शिवाजी पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बयान से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे गुट के नेता भी नाराज हैं और उन्होंने अपनी सहयोगी भाजपा नाराजगी का इजहार किया है।
गौरतलब है कि राज्यपालभगत सिंह कोश्यारी ने पिछले शनिवार को कहा था- पहले जब आपसे पूछा जाता था कि आपका आइकॉन कौन है, तो जवाब जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी होता था। अब महाराष्ट्र में आपको कहीं और देखने की जरूरत नहीं है यहां बहुत सारे आइकॉन हैं। छत्रपति शिवाजी महाराज तो पुराने दिनों के आइकॉन हैं। अब बीआर आंबेडकर और नितिन गडकरी हैं। हालांकि बाद में गडकरी ने भी इस पर सफाई दी थी।