Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

यूक्रेन में हेलीकॉप्टर क्रैस

ब्रोवरी, वार्ता/स्पूतनिक। यूक्रेन के ब्रोवेरी शहर में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से गृह मंत्री और तीन बच्चों सहित कम से कम 18 लोगों की मौत हो गयी है और 26 अन्य घायल हो गये हैं।यूक्रेनी पुलिस एवं अन्य आपात सेवाओं के प्रभारी मोनास्टिर्स्की इस दौरान जान गंवाने वाले सबसे वरिष्ठ मंत्री हैं। अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना हादसा है या रूस की तरफ से किए गए किसी हमले का परिणाम। कीव में हाल में कोई संघर्ष नहीं देखा गया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि ‘काली सुबह’ हुई दुर्घटना ‘एक भयानक त्रासदी’ है। उन्होंने ‘टेलीग्राम’ पर लिखा, ‘यह पीड़ा शब्दों में नहीं बताई जा सकती।’ ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने मोनास्टिर्स्की को ‘पुतिन के अवैध आक्रमण के दौरान यूक्रेनी लोगों का समर्थन करने में अग्रणी पथप्रदर्शक’ बताया। उन्होंने कहा कि वह उनके ‘दृढ़ संकल्प, आशावाद और देशभक्ति से प्रभावित’ थीं।

यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस के प्रमुख इहोर क्लिमेंको ने बताया कि गृह मंत्री डेनिस मोनास्टिर्स्की, उप गृह मंत्री येवहेन येनिन और गृह मंत्रालय के राज्य सचिव यूरी लुबकोविच की हादसे में मौत हो गई।

क्लिमेंको ने बताया कि कीव के पूर्वी उपनगर ब्रोवेरी में आपातकालीन सेवा का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में से नौ लोग हेलीकॉप्टर में सवार थे और दुर्घटना का शिकार हुए अन्य लोग स्पष्ट रूप से जमीन पर थे। कीव के क्षेत्रीय गर्वनर ने ओलेक्सी कुलेबा ने बताया कि इस हादसे में तीन बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हुई है और 25 लोग घायल हुए हैं।

बहरहाल, यूक्रेन की आपात सेवा ने मृतकों की संख्या 15 बताई है। अभी यह पता नहीं चल पाया है कि यह पुरानी जानकारी है या संशोधित संख्या है। यूक्रेन के महाभियोजक एंड्रिय कोस्टिन ने ‘टेलीग्राम’ पर कहा कि फिलहाल हम हेलीकॉप्टर दुर्घटना हादसे संबंधी सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेन की सुरक्षा सेवा मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version