
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बड़े घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी ने कैराना से घोषित उम्मीदवार नाहिद हसन की टिकट काट दी है। टिकट की घोषणा के बाद उसको गैंगेस्टर कानून के तहत पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी बदल नहीं सकती है, वह अपराधियों को टिकट दे रही है। तभी सपा ने नाहिद हसन की टिकट काटने का ऐलान किया है। इस बीच खबर है कि कांग्रेस छोड़ कर सपा में शामिल हुए इमरान मसूद को भी सपा की टिकट नहीं मिल रही है। वे बसपा में संभावना तलाश रहे हैं।
बहरहाल, सपा ने नाहिद हसन की टिकट काट क र उसकी बहन इकरा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा ने राज्य सरकार के पूर्व मंत्री हुकुम सिंह की बेटी मृंगाका सिंह को टिकट दिया है। इससे पहले शनिवार को नाहिद को यूपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नाहिद के ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ गैंगस्टर कानून के तहत केस दर्ज किया है।
Read also अमेरिका में खत्म हुआ बंधक संकट
दूसरी ओर कांग्रेस छोड़ कर सपा में शामिल हुए इमरान मसूद की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। मसूद ने उत्तर प्रदेश में भाजपा और सपा के बीच सीधा मुकाबला बताते हुए कांग्रेस छोड़ी थी और सहारनपुर सीट से लड़ने के लिए सपा में शामिल हुए थे। लेकिन सपा अब इस सीट से दूसरा उम्मीदवार दे रही है। बताया जा रहा है कि सपा ने इमरान मसूद को एमएलसी बनाने का प्रस्ताव दिया था लेकिन मसूद इसके लिए तैयार नहीं हुए और अब बसपा में अपनी सियासी संभावनाएं तलाश रहे हैं।