
नोएडा। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ तालमेल नहीं हो पाने के बाद अब भीम आर्मी के नेता चंद्रशेखर ने अकेले लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने मंगलवार को नोएडा में प्रेस कांफ्रेंस करके ऐलान किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में अकेले दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा- हम परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर ने दावा किया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव से 25 सीटों पर बात हुई थी। उन्होंने पिछले दिनों सपा प्रमुख धोखा देने का आरोप लगाया था।
चंद्रशेखर ने कहा- भीम आर्मी हर मुद्दे पर सड़क पर रही। मैंने कभी स्वाभिमान से समझौता नहीं किया। अब हम उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेंगे। सपा का गठबंधन दलित के बिना खोखला है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य और ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ उनकी पार्टी प्रत्याशी नहीं उतारेगी। गौरतलब है कि स्वामी प्रसाद मौर्य हाल ही में भाजपा छोड़ कर सपा में शामिल हुए हैं और ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने सपा से तालमेल किया है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की दलितों में खास कर युवाओं में अच्छा असर रखने वाले चंद्रशेखर ने कहा- आज गरीब हौसला नहीं कर पाएगा कि वह किसी की लड़ाई लड़े। हम युवा हैं, बदलाव चाहते हैं। हम अपनी लिस्ट जारी कर चुनाव में उतरेंगे। हम परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों का नाम लेते हुए कहा कि उनकी पार्टी 33 सीटों पर बहुत मजूबत है।