नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को हनुमान जयंती के मौके पर बड़ी सांप्रदायिक वारदात हुई है। राजधानी के जहांगीरपुरी इलाके में हनुमान जयंती की शोभायात्रा पर पथराव हुआ, जिसके बाद हिंसा भड़क गई। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है। हिंसा के दौरान गोली चलने की भी खबर है। उपद्रवियों ने हिंसा के दौरान तलवारें चलाईं और पथराव भी किया। कुछ इलाकों में आगजनी की खबरें भी हैं।
बताया जा रहा है कि जहांगीरपुरी में हनुमान जयंती के मौके पर शोभायात्रा निकाली जा रही थी, जिस पर हमला हुआ है। हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। घटना जहांगीरपुरी में कुशल सिनेमा के पास हुई है। शोभायत्रा पर पथराव और हमले की खबरों के बाद बड़ी संख्या में लोग जुट गए और गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पथराव रोकने पहुंचे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। शांति बहाली के लिए आसपास के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस फोर्स बुलाई गई है।
दिल्ली पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया है- हनुमान जयंती की शोभायात्रा में चल रहे लोगों के ऊपर पत्थरबाजी और छिटपुट आगजनी की बात सामने आई है। हमारे सभी आला अधिकारी मौके पर हैं। स्थिति नियंत्रण में हैं और अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है। इस झड़प के दौरान जिन पुलिसकर्मियों को चोट आई हैं, उनकी पुष्टि की जा रही है। बहरहाल, घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें पत्थरबाजी और आगजनी के बाद लोगों को भागते हुए देखा जा रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए आपात बैठक बुलाई। इसके बाद आला अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जहांगीरपुरी की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की और कहा- जो भी दोषी हों उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। सभी लोगों से अपील है कि वे एक-दूसरे का हाथ पकड़ कर शांति बनाए रखें।