ताजा पोस्ट

हिमाचल प्रदेश में आज मतदान

ByNI Desk,
Share
हिमाचल प्रदेश में आज मतदान
शिमला। हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर शनिवार को मतदान होगा। राज्य के करीब 56 लाख मतदाता इन 68 सीटों पर चुनाव लड़ रहे कुल 412 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होगा और पांच बजे तक चलेगा। हिमाचल के दूर दराज के पहाड़ी इलाकों के लिए एक दिन पहले ही मतदान कराने वाली टीम रवाना हो गई थी। शुक्रवार की शाम तक हर जगह मतदानकर्मी पहुंच गए। मतदान समाप्त होने के बाद राज्य के लोगों को नतीजों के लिए आठ दिसंबर तक इंतजार करना होगा। बहरहाल, राज्य में कुल 55 लाख 92 हजार 882 मतदाता हैं। इनमें 28,54,945 पुरुष और 27,37,845 महिला और 38 थर्ड जेंडर है। इनके अलावा 67,559 सर्विस वोटर, 56,501 दिव्यांग और 22 प्रवासी भारतीय मतदाता हैं। राज्य में 18 से 19 साल के 1.93 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। चुनाव आयोग ने बताया है कि प्रदेश में चुनाव के लिए 7,881 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 7,235 ग्रामीण क्षेत्रों में और 646 शहरी क्षेत्रों में हैं। प्रदेश में मुख्य मुकाबला कांग्रेस व भाजपा के बीच है। तीसरी पार्टी के तौर पर आम आदमी पार्टी चुनाव मैदान में है लेकिन उसके उम्मीदवार मुकाबले में नहीं हैं। पिछले 37 साल से राज्य का यह रिकॉर्ड रहा है कि हर पांच साल पर सत्ता बदल जाती है। अभी भाजपा सत्ता में है। राज्य की 68 सदस्यों की विधानसभा में उसके 45 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास अभी 20 विधायक है। दो निर्दलीय विधायक हैं और एक विधयाक सीपीएम का है।
Published

और पढ़ें