ताजा पोस्ट

West Bengal: शुभेंदु और उनके भाई पर चोरी का केस

ByNI Desk,
Share
West Bengal: शुभेंदु और उनके भाई पर चोरी का केस
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव संपन्न होने और नई सरकार बनने के बाद भी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच विवाद थमता नहीं दिख रहा है। केंद्रीय एजेंसियों ने तृणमूल कांग्रेस के नेताओं को गिरफ्तार किया तो राज्य की पुलिस ने भाजपा के नेता शुभेंदु अधिकारी और उनके भाई के ऊपर मुकदमा कर दिया है। शुभेंदु अधिकारी और उनके भाई सोमेंदु के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन पर नगरपालिका से राहत सामग्री चुराने का आरोप लगाया गया है। कांठी नगरपालिका प्रशासनिक बोर्ड के मेंबर रत्नदीप मन्ना ने कांठी पुलिस स्टेशन में एक जून को भाजपा नेता शुभेंदु और उनके भाई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। सोमेंदु कांठी नगर पालिका के नगपालिका प्रमुख भी रह चुके हैं। शिकायत में कहा गया है कि 29 मई को दोपहर करीब साढ़े 12 बजे शुभेंदु और उनके भाई के कहने पर नगरपालिका कार्यालय के गोदाम का ताला जबरदस्ती खोला गया और यहां से सरकारी त्रिपाल को ले जाया गया। इसकी कीमत करीब एक लाख रुपए बताई जा रही है। शिकायत में बताया गया कि चोरी के दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्रीय अर्धसैनिक बलों का भी इस्तेमाल किया। इससे पहले एक जून को ही शुभेंदु के एक करीबी सहयोगी को कोलकाता पुलिस ने धोखाधड़ी के केस में गिरफ्तार किया था। शुभेंदु के करीबी राखल बेरा को 2019 में सिंचाई और जलमार्ग मंत्रालय में नौकरी का झांसा देकर एक व्यक्ति को ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने दो लाख रुपए का भुगतान किया, फिर भी उसे नौकरी नहीं मिली।
Published

और पढ़ें