ताजा पोस्ट

चन्नी या सिद्धू? आज ऐलान

ByNI Desk,
Share
चन्नी या सिद्धू? आज ऐलान
नई दिल्ली। पंजाब में कांग्रेस पार्टी का मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन होगा इसकी घोषणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी रविवार को करेंगे। लुधियाना के दाखा में उनकी रैली होने वाली है, जिसमें वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार का ऐलान करेंगे। उससे पहले पार्टी के अंदर जबरदस्त खींचतान चल रही है। इस ऐलान से एक दिन पहले लगभग सभी मीडिया समूहों को इंटरव्यू देकर प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने अपनी दावेदारी बताई। उन्होंने सीधे आलाकमान को निशाना बनाया और कहा कि ऊपर के लोग चाहते हैं कि कमजोर सीएम हो, जो उनके इशारे पर नाचे। इस बीच प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेता प्रताप सिंह बाजवा ने किसी को भी सीएम का दावेदार पेश करने का विरोध किया है। हालांकि पहले वे भी अपनी दावेदारी पेश कर चुके हैं। कांग्रेस के चुनाव अभियान समिति के प्रमुख सुनील जाखड़ ने सिद्धू से पहले अपनी दावेदारी पेश की थी, जब उन्होंने कहा था कि कांग्रेस के 40 से ज्यादा विधायक उनको मुख्यमंत्री बनाने के लिए तैयार थे, जबकि सिर्फ तीन विधायक चरणजीत सिंह चन्नी के पक्ष में थे। बहरहाल, अपने पिछले पंजाब दौरे में जालंधर में ऐलान किया था कि लोगों की राय लेकर वे मुख्यमंत्री पद के दावेदार की घोषणा करेंगे। बताया जा रहा है कि कांग्रेस ने कई तरह से फीडबैक ली है, जिसमें मुख्यमंत्री चन्नी सबसे प्रबल दावेदार के तौर पर उभरे हैं। इस बीच यह भी खबर आई थी कि कांग्रेस सीएम के दो दावेदार पेश कर सकती है। बताया जा रहा था कि चन्नी और सिद्धू दोनों के नाम की घोषणा हो सकती है। ढाई-ढाई साल के दो मुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव रखे जाने की चर्चा है। हालांकि कांग्रेस के जानकार सूत्रों ने इसके इनकार किया है। उन्होंने कहा है कि एक ही नाम की घोषणा होगी। बहरहाल, पंजाब में कांग्रेस के सीएम चेहरे की घोषणा रविवार को दोपहर दो बजे होगी। रविवार को राहुल गांधी लुधियाना पहुंचेंगे, जहां दाखा विधानसभा क्षेत्र में रैली रखी गई है। चुनाव आयोग की पाबंदियों को देखते हुए इस रैली में सिर्फ एक हजार लोगों को आने की अनुमति होगी। कांग्रेस पंजाब की सभी 117 सीटों पर इस रैली का वर्चुअल प्रसारण कराएगी। इससे पहले राहुल की जालंधर रैली में उनके सामने ही चन्नी और सिद्धू ने सीएम पद का दावेदार घोषित करने की मांग की थी, जिसके बाद राहुल ने कहा था कि वे लोगों की राय लेकर इस बारे में घोषणा करेंगे।
Published

और पढ़ें