ताजा पोस्ट

गलत नक्शा, थरूर ने मांगी माफी

ByNI Desk,
Share
गलत नक्शा, थरूर ने मांगी माफी
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करने के साथ ही शशि थरूर एक विवाद में फंस गए। उन्होंने नामांकन के साथ ही एक घोषणापत्र जारी किया, जिसमें उन्होंने बताया कि अध्यक्ष के रूप में उनका क्या विजन है। इस घोषणापत्र में उन्होंने भारत का एक नक्शा भी शामिल किया है, जिसमें जम्मू कश्मीर और लद्दाख को भारत का हिस्सा नहीं बताया गया है। भाजपा ने इस नक्शे को लेकर थरूर और कांग्रेस पर हमला बोला, जिसके बाद थरूर ने तुरंत बिना शर्त माफी मांगी। उन्‍होंने एक ट्विट में लिखा- कोई भी ऐसी चीजें जान-बूझकर नहीं करता। वालेंटियर्स की एक छोटी सी टीम ने गलती की। हमने इसे तुरंत सुधार लिया है और मैं इस गलती के लिए बिना शर्त माफी मांगता हूं। इससे पहले उनका घोषणापत्र सामने आने के साथ ही सोशल मीडिया में आलोचना शुरू हो गई। कई यूजर्स ने इसे कांग्रेस का विभाजनकारी एजेंडा बताया। हालांकि कांग्रेस ने इस पर आधिकारिक रूप से प्रतिक्रिया नहीं दी। इस बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा कि सिर्फ डॉ. थरूर और उनकी टीम ही इस गंभीर चूक के बारे में सफाई दे सकते हैं। बहरहाल, पिछले तीन साल में यह दूसरी बार है जब थरूर नक्शे के विवाद में उलझे हैं। इससे पहले दिसंबर 2019 में उन्‍होंने ना‍गरिकता संशोधन कानून, सीएए को लेकर केरल कांग्रेस के विरोध के दौरान एक बुकलेट जारी की थी उसमें भी इसी तरह की गलती थी। उस समय भी विवाद के बाद थरूर को इसे वापस लेना पड़ा था।
Published

और पढ़ें