Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अयोध्या नगरी में चार चांद लगा देगा सरयू नदी के तट पर बनने वाला ‘हाट’

Ayodhya City :- धार्मिक पर्यटन नगरी में सरयू नदी के तट पर ‘हाट’ बनाया जाएगा। यह ‘हाट’ चौधरी चरण सिंह घाट पर बनाया जाएगा, जिससे यह यहां आने वाले पर्यटकों में आकर्षण का केंद्र होगा। इसमें पर्यटकों के लिए खाने-पीने और रहने की भी सुविधा होगी। अयोध्या विकास प्राधिकरण इस धार्मिक शहर को पर्यटन स्थल में बदलने के लिए इस परियोजना का नेतृत्व करेगा। अयोध्या विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने कहा कि अयोध्या ‘हाट’ घाट के आसपास के क्षेत्रों में भी बदलाव लाएगा। अयोध्या के मंडलायुक्त गौरव दयाल ने गुरुवार को कहा कि इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मदद मिलेगी। अयोध्या हाट में स्थानीय कारीगरों के हस्तशिल्प की पेशकश करने वाले विशेष रूप से डिजाइन किए गए स्टॉल होंगे। 

इसमें पर्यटकों के लिए अतिरिक्त आकर्षण के रूप में एक फ्लोटिंग रेस्तरां और नाव सेवाएं भी होंगी। जो लोग घाट पर रहना चाहते हैं उनके लिए राम कुटीर कॉटेज बनाए जाएंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रम, लेजर शो और संगीतमय फव्वारे अयोध्या हाट की सुंदरता में चार चांद लगा देंगे। आयुक्त ने आश्वासन दिया कि हाट में स्वच्छता और पर्यावरण के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जाएगा। यह परियोजना अयोध्या को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल में बदलने की उत्तर प्रदेश सरकार की पहल का हिस्सा है। अगले साल जनवरी में राम मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खोले जाने के बाद अयोध्या प्रशासन को पर्यटकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी की उम्मीद है। पिछले पांच वर्षों में राज्य सरकार ने मंदिर शहर को देश के एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की अपनी नीति के तहत अयोध्या में कई करोड़ रुपये की 17 परियोजनाएं पूरी की हैं। (आईएएनएस)

Exit mobile version