nayaindia President Droupadi Murmu Speech राष्ट्रपति ने बताईं सरकार की उपलब्धियां
Trending

राष्ट्रपति ने बताईं सरकार की उपलब्धियां

ByNI Desk,
Share

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहली बार संसद के साझा अधिवेशन को संबोधित किया। बजट सत्र के पहले दिन बुधवार को राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में केंद्र सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने पिछले साल की उपलब्धियों के साथ साथ केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की पिछले 10 साल की उपलब्धियों के बारे में बताया। उन्होंने खासतौर पर अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बारे में बताया। जब उन्होंने राम मंदिर का जिक्र किया तो सदस्यों ने मेज थपथपा कर स्वागत किया। यह नए संसद भवन में राष्ट्रपति मुर्मू का पहला संबोधन था।

राष्ट्रपति ने राम मंदिर के साथ साथ अनुच्छेद 370 का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- राम मंदिर की आकांक्षा सदियों से थी, जो इस साल पूरी हुई। गौरतलब है कि 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन हुआ और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई। बहरहाल, संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से नौ फरवरी तक चलेगा। इसमें आठ बैठकें होंगी। गुरुवार यानी एक फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी।

इससे पहले बुधवार को राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में कहा कि पिछला साल भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने सांसदों को महिला आरक्षण कानून बनाने के लिए बधाई भी दी। उन्होंने एशियाई खेलों के इतिहास में सबसे अधिक पदक जीतने और चंद्रयान-तीन की सफलता का जिक्र किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने अभिभाषण में पिछले सत्र में पास तीन आपराधिक कानूनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा- गुलामी के दौर में बने कानून अब इतिहास का हिस्सा बन चुके हैं।

राष्ट्रपति मोदी सरकार की उपलब्धियां बताते हुए कहा कि तीन तलाक की कुप्रथा को खत्म करने के लिए सरकार ने कड़े कानूनी प्रावधान किए। उन्होंने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए लाए गए नारी शक्ति वंदन कानून, तीन आपराधिक कानून, डिजिटल पर्सनल डेटा प्रोटेक्शन कानून, नेशनल रिसर्च फाउंडेशन कानून बनाने का जिक्र भी किया। राष्ट्रपति ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने, तीन तलाक के विरुद्ध कड़ा कानून, पड़ोसी देशों से आए पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देने वाला कानून बनाया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें

Naya India स्क्रॉल करें