Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षा 16 फरवरी से

नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी सीबीएसई ने 2027 की 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। बोर्ड की ओर से जारी बयान के मुताबिक दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी और सभी पेपर सुबह साढ़े 10 बजे से होंगे। छात्र और उनके अभिभावक सीबीएसई की वेबसाइट पर जाकर परीक्षा का शिड्यूल देख सकते हैं।

सीबीएसई की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होकर नौ मार्च 2027 तक चलेंगी। 12वीं बोर्ड की परीक्षा भी 16 फरवरी से शुरू होगी लेकिन वह नौ अप्रैल तक जारी रहेगी। इस बार 10वीं के छात्रों को 83 विषयों में परीक्षा देनी होगी। दूसरी ओऱ इस बार 12वीं के छात्रों के लिए 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

सीबीएसई ने प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट असेसमेंट की तारीखों का भी ऐलान कर दिया है। सामान्य स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल परीक्षाएं एक जनवरी 2027 से शुरू होंगी। वहीं बर्फीले और विशेष परिस्थितियों वाले विंटर बाउंड स्कूलों के लिए प्रैक्टिकल और इंटरनल असेसमेंट नौ नवंबर से 19 दिसंबर 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version