नई दिल्ली। भारतीय पर्यटकों के एक पसंदीदा डेस्टिनेशन वियतनाम में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। पर्यटकों से भरी एक बोट पलट जाने से डूब कर 15 भारतीयों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो महिलाएं शामिल हैं। हादसा वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुआ। बोट पर चालक दल के चार सदस्यों सहित 36 लोग सवार थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बोट में सवार कुल 36 लोगों में से 32 भारतीय थे। इनमें से दो महिलाओं सहित 15 की मौत हो गई। मरने वाले ज्यादातर पर्यटक तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के थे। राहत व बचाव दल ने त्वरित प्रतिक्रिया दी और 21 लोगों को बचा लिया गया। स्थानीय मीडिया के मुताबिक हादसा सुबह शनिवार की सुबह साढ़े 10 बजे हुआ।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे की वजह समुद्र की ऊंची लहरें हो सकती हैं। जो वीडियो सामने आए, उनमें लहरें उठती दिख रही हैं। बताया जा रहा है कि बोट में सवार पर्यटक लाइफ जैकेट नहीं पहने हुए थे। इसके अलावा यह भी कहा जा रहा है कि नाव जब पलटी तो पर्यटक नाव के नीचे फंस गए। बताया गया है कि बोट भारतीय पर्यटकों को फु क्वोक द्वीप के पास स्थित ‘होन मे रुट’ से न्गोआई द्वीप घुमाने ले जा रही थी, लेकिन तट से करीब चार सौ मीटर पहले ही बोट पलट गई। गौरतलब है कि न्गोआई द्वीप साफ समुद्र, छोटे बीच और कोरल रीफ डाइविंग के लिए मशहूर है। वहां पहुंचने के लिए पर्यटक आमतौर पर एन थोई बंदरगाह से बोट या स्पीडबोट किराए पर लेते हैं।
बहरहाल, हादसे के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पर्यटकों को राहत पहुंचाने के लिए सारे उपाय किए जा रहे हैं। न्यूजीलैंड से उन्होंने इस घटना पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत का दूतावास और वाणिज्य दूतावास हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय अधिकारी वियतनाम के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी इस दुखद हादसे दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
