लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक कोचिंग सेंटर में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। दिन में सवा दो बजे के करीब अलीगंज इलाके में एक कोचिंग सेंटर में आग लग गई। इसमें दम घुटने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है और कई घायल हैं। मरने वालों में मरने वालों में तीन महिलाएं और 12 पुरुष हैं। इनमें ज्यादातर छात्र हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दिल्ली के राजेंद्र नगर इलाके में बेसमेंट में चल रहे कोचिंग में पानी भर जाने से तीन छात्र डूब कर मर गए थे।
बहरहाल, अलीगंज इलाके की जिस इमारत में कोचिंग सेंटर चल रहा था उसके बेसमेंट, ग्राउंड और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक है। दूसरे फ्लोर पर लर्निंग स्पेस नाम का कोचिंग और हेड हॉपर स्टूडियो है। बताया जा रहा है कि एसी के शॉर्ट सर्किट से आग लगी हो सकती है। आग लगने के बाद दूसरे फ्लोर पर चल रही कोचिंग में छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था। एक बच्चे ने पहले फ्लोर से कूद कर जान बचाई। लेकिन वह नीचे ग्रिल पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। फायरकर्मियों ने बिल्डिंग की पीछे की दीवार को तोड़ कर छात्रों के शव निकाले। घटनास्थल पर मृतकों और घायलों के लिए एम्बुलेंस कम पड़ गईं। इसे देख कर घटनास्थल पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रोने लगे। उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी आंखों के सामने लाशें निकलती देखी हैं’। मृतकों और घायलों को केजीएमयू ले जाया गया।
घटना पर सभी दलों के नेताओं ने शोक जताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘उत्तर प्रदेश के लखनऊ में आग लगने की घटना में हुई मौतों से बहुत दुख हुआ है। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हों। बचाव कार्य चल रहा है और अधिकारी हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपए की मदद दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे’। हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा अध्यक्ष मायावती आदि ने दुख जताया।
