नई दिल्ली। मार्च में हुए राज्यसभा के दोवार्षिक चुनावों में जीते राज्यसभा सांसदों की शपथ की सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार को एनसीपी के संस्थापक शरद पवार ने शपथ ली। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी शपथ ली। कुल 19 सदस्यों को सोमवार को शपथ दिलाई गई। शरद पवार व्हीलचेयर पर शपथ लेने के लिए संसद पहुंचे। शपथ लेने वालों में पांच सांसद महाराष्ट्र के हैं। तमिलनाडु के छह, पश्चिम बंगाल के पांच और ओडिशा के तीन सांसदों ने शपथ ली।
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन की मौजूदगी में सभी सदस्यों को शपथ दिलाई गई। गौरतलब है कि 16 मार्च को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों को चुनाव हुए थे। अब 18 सांसदों का अभी शपथ लेना बाकी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 10 अप्रैल को राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेंगे। ध्यान रहे 16 अप्रैल से एक बार फिर संसद का सत्र चलेगा। तीन दिन के इस सत्र में सरकार महिला आरक्षण बिल में संशोधन करने वाली है।
