Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

काजीरंगा में सड़क हादसे में 24 की मौत

गुवाहाटी। असम में एक भीषण सड़क हादसे में 24 लोगों की मौत हो गई है। घटना काजीरंगा की है, जहां शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने सामने टक्कर हो गई। असम सरकार ने हादसे की जानकारी देते हुए इस पर दुख जताया। टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। मौके पर राहत के लिए पहुंची टीम ने बस काट कर शवों को बाहर निकाला।

हालांकि यह जानकारी नहीं है कि बस में कुल कितने लोग सवार थे। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई गाड़ी के एक दर्जन चालान पहले कट चुके थे। यह भी बताया जा रहा है कि गाड़ी की ओवरस्पीडिंग का चालान पहले भी कट चुका था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त होने से पहले भी गाड़ी बहुत तेज रफ्तार में थी।

गोलाघाट के एसएसपी स्वप्निल डेका ने बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

Exit mobile version