Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एमएलसी चुनाव में कांटे की टक्कर

नई दिल्ली। चार राज्यों में विधान परिषद की 25 सीटों के लिए 27 अक्टूबर को देर रात तक वोटों की गिनती जारी रही। देर शाम तक कुछ सीटों के नतीजे आ गए थे, लेकिन ज्यादातर सीटों पर गिनती चल रही थी। बिहार की आठ सीटों में सबसे प्रतिष्ठा की सीट बने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू से निकाले गए मोकामा विधायक अनंत सिंह के उम्मीदवार अनुज सिंह पिछड़ गए। वहां राजद के दिलीप पटेल और जदयू के नीरज कुमार के बीच कांटे की लड़ाई है।

इसी तरह पटना शिक्षक क्षेत्र में भी कांटे की लड़ाई है, जिसमें राजद के डॉक्टर संजीव सिंह और भाजपा के नवल किशोर यादव दोनों जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह और सारण शिक्षक क्षेत्र से निर्दलीय राहुल राज चुनाव जीत गए हैं। कोशी शिक्षक क्षेत्र से भी भाजपा के एनके यादव चुनाव जीत गए हैं। दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज पार्टी के सुरेश राय चुनाव जीत गए हैं।

उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर मतदान हुआ था, जिनमें से ज्यादातर सीटों पर देर शाम तक बैलेट पेपर के बंडल बनाए गए और उसके बाद गिनती शुरू हुई। देर रात तक कई सीटों पर दूसरी वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई। लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा, मेरठ, झांसी और बरेली में वोटों की गिनती हो रही है। बरेली मुरादाबाद में भाजपा ने बड़ी बढ़त बना ली थी तो आगरा में सपा को मामूली बढ़त थी। मेरठ में भी भाजपा ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली थी। बुधवार सुबह तक सभी सीटों के नतीजे आने की संभावना है। महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी देर रात तक वोटों की गिनती जारी रही।

Exit mobile version