नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ में बड़े राजनीतिक विवाद का कारण बने महादेव सट्टेबाजी ऐप के मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को प्रत्यर्पित करके भारत लाया गया है। संगठित अपराध और सट्टेबाजी के मामले में दूसरी जांच एजेंसियों के सहयोग से सीबीआई महादेव ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी सिंडिकेट चलाने वाले मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित करा लिया है।
सीबीआई की एक विशेष टीम मस्कट गई और चंद्राकर को अपनी हिरासत में लेकर भारत वापस लौटी। भारत लाने के बाद उसका मेडिकल टेस्ट कराया गया, इसके बाद ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे रायपुर ले जाया जाएगा। एजेंसी ने बताया कि सोमवार को उसे सीबीआई की विशेष अदालत के सामने पेश किया जाएगा। सौरभ चंद्राकर सीबीआई के दो प्रमुख मामलों में मुख्य आरोपी है। इसके अलावा, प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी भी उसके खिलाफ धन शोधन के मामले में अभियोजन शिकायत दर्ज कर चुकी है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार की सिफारिश के बाद सीबीआई ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथ में ली थी। सीबीआई जांच में पता चला कि महादेव ऐप देश का सबसे बड़ा अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क था, जिसे विदेशों में बैठकर ऑपरेट किया जा रहा था। इसके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश के खेल और अन्य प्रमुख आयोजनों पर सट्टा लगवाया जाता था। इस मामले में छत्तीसगढ़ के तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित उनके परिवार के सदस्यों और कई अधिकारियों के नाम आए थे।
