नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी यानी सीजेपी के सह संयोजक और मुख्य प्रवक्ता सौरव दास के बाद अब भारत सरकार ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके और पार्टी के नेता आशुतोष रांका के विदेश जाने पर भी रोक लगा दी है। गुरुवार को मुंबई पुलिस ने उनके खिलाफ लुकआउट सरकुलर जारी किया है। इन नेताओं पर गांधी जयंती के दिन मुंबई के शिवाजी पार्क में बिना अनुमति रैली का केस भी दर्ज किया गया था।
इससे पहले सौरव दास खिलाफ लुकआउट सरकुलर जारी किया गया था और उनको नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रोक लिया गया था। गुरुवार को केंद्र सरकार ने दिल्ली हाई कोर्ट को इसकी जानकारी दी। इसका अर्थ है कि सौरव विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। सरकार के मुताबिक, उनके पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली है। इसके अलावा जन्मस्थान, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर मिला है। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी नागरिकता पर भी पड़ सकता है।
गौरतलब है कि 23 नवंबर को सौरव को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया था। उनके वकील अखिल सिब्बल ने कोर्ट में कहा कि सौरव को लुकआउट नोटिस जारी होने या विदेश जाने से रोकने के बारे में पहले नहीं बताया गया था। उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने पर नोटिस दिया गया। इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था। वकील ने कोर्ट से लुकआउट नोटिस जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी देने की मांग की। इस पर केंद्र ने कहा कि लुकआउट नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती। हालांकि, अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे कोर्ट में चुनौती दे सकते हैं।
