Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

दिल्ली के बाद वडोदरा में मोदी का ‘जेन जी’ संवाद

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में ‘जेन जी’ के साथ संवाद के बाद अब अपने गृह प्रदेश गुजरात के वडोदरा में युवाओं के साथ संवाद किया। युवाओं के साथ संवाद में प्रधानमंत्री ने विपक्ष के नेताओं खास कर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल का नाम लिए बगैर कहा, ‘लोग आपको झूठ की गूंज से गुमराह करने की कोशिश करेंगे, लेकिन आप सच्चाई के साथ खड़े रहना’। गौरतलब है कि राहुल इन दिनों युवा पीढ़ी से कनेक्ट करने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम कर रहे हैं।

बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी के इस कार्यक्रम के लिए बुक माई शो के जरिए टिकट की बुकिंग हुई थी। ‘जेन जी’ की प्राथमिकता को ध्यान में रख कर ऐसा किया गया था। कार्यक्रम में मोदी के लिए खास तौर पर वाई आकार का एक रैंप बनाया गया था। भाषण से पहले प्रधानमंत्री इस रैंप पर चल कर युवाओं के बीच पहुंचे। मंच पर उनके पहुंचते ही ब्रिटिश बैंड ‘क्वीन’ का मशहूर गाना ‘वी विल वी विल रॉक यू’ बजाया गया। इसके बाद ‘धुरंधर’ फिल्म का गाना भी बजा। प्रधानमंत्री ने रैंप पर चलते हुए दोनों तरफ के युवाओं से हाथ मिलाया और संवाद किया।

उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए अपनी सरकार की उपलब्धियां बताईं। मोदी ने बताया कि जेएनपीटी मुंबई से डबल कंटेनर मालगाड़ी चलने से एक बार में ढाई सौ से ज्यादा ट्रकों के बराबर माल मुंबई से वडोदरा पहुंचा। इसके बाद उन्होंने तंज करते हुए कहा, “अब ‘नाराज फूफाजी’ पूछेंगे कि ट्रक वालों का क्या होगा, लेकिन देश के एक कोने से दूसरे कोने तक माल पहुंचाने के लिए ऐसी कनेक्टिविटी जरूरी है”। मोदी ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को लेकर भी विस्तार से बात की।

प्रधानमंत्री मोदी रेलवे के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गुजरात पहुंचे थे। उन्होंने वडोदरा के कार्यक्रम के बाद नवसारी में भी एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 35 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। वहां से मोदी फिनटेक फेस्ट में हिस्सा लेने के लिए मुंबई गए।

Exit mobile version