Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सेना और वायु सेना प्रमुख तेजस में उड़े

नई दिल्ली। थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी और वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने रविवार को लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी। यह पहली बार है जब दो सेनाओं के प्रमुखों ने एक साथ स्वदेशी लड़ाकू विमान  में उड़ान भरी है। बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2025 की शुरुआत से एक दिन पहले दोनों सेना प्रमुख तेजस लड़ाकू विमान में उड़े। गौरतलब है कि एयरो इंडिया 2025 कार्यक्रम 10 फरवरी से 14 फरवरी तक चलेगा।

उड़ान के बाद थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने इस अनुभव को अपने जीवन का सबसे अच्छा पल बताया। उन्होंने यह भी कहा कि वे और वायु सेना प्रमुख एयर मार्शल एपी सिंह दोनों नेशनल डिफेंस एकेडमी, एनडीए के दिनों से साथ हैं। उन्होंने कहा, ‘अगर मैं वायु सेना प्रमुख से पहले मिला होता तो एयरफोर्स जॉइन करता और फाइटर पायलट बनता’।

उड़ान के बाद जनरल द्विवेदी ने कहा, ‘आज से एयर चीफ मार्शल मेरे गुरु हैं, क्योंकि उन्होंने इस उड़ान के दौरान मुझसे कई एक्टिविटीज कराईं’। जनरल द्विवेदी ने कहा, ‘यह उड़ान बहुत ही चुनौतीपूर्ण थी, मुझे इसे पूरा करके बहुत मजा आया। मैं आईएएफ के प्रति शुक्रगुजार हूं और मैं वायु सेना के पायलट्स की हिम्मत की दाद देता हूं, जो चुनौतियों का सामना करते हैं’।

Exit mobile version