‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान ‘चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ’ के रूप में कार्य कर चुके एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित ने बुधवार को वायुसेना के नए उप-प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाल लिया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
उन्होंने एयर मार्शल नागेश कपूर का स्थान लिया, जो भारतीय वायुसेना में चार दशकों की सेवा के बाद 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल संदीप जैन ने सेना के उपप्रमुख का पदभार ग्रहण किया।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के पूर्व छात्र रहे लेफ्टिनेंट जनरल जैन को जून 1988 में महार रेजिमेंट में कमीशन प्रदान किया गया था। लगभग चार दशकों की विशिष्ट सेवा के दौरान उन्होंने विभिन्न परिचालन परिस्थितियों में अनेक कमान और पद संभाले हैं।
Also Read : विदेशी निवेशकों की बिकवाली जारी
लेफ्टिनेंट जनरल राजेश पुष्कर ने दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने लेफ्टिनेंट जनरल जैन का स्थान लिया।
जयपुर स्थित दक्षिण पश्चिमी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल मोहित मल्होत्रा ने पदभार संभाला है।
एयर मार्शल तेजिंदर सिंह ने एक जुलाई को चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ टू चेयरमैन चीफ्स ऑफ स्टाफ कमेटी (सीआईएससी) का पदभार ग्रहण किया। उन्होंने एयर मार्शल दीक्षित का स्थान लिया।
इस नियुक्ति से पूर्व वह दक्षिण पश्चिमी वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) थे। उनके स्थान पर एयर मार्शल पी. वी. शिवानंद ने बुधवार को दक्षिण पश्चिमी वायु कमान (एसडब्ल्यूएसी) के एओसी-इन-सी का पदभार ग्रहण किया। एयर मार्शल जसवीर सिंह मान ने दक्षिणी वायु कमान का पदभार संभाला है।
Pic Credit : ANI
