Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सख्त नियम के बावजूद हवा बेहद खराब रही

Air pollution

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण रोकने के लिए सख्त पाबंदियां लागू की गई हैं। इसके बावजूद शुक्रवार को लगातार सातवें दिन हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही। दिल्ली के ज्यादातर हिस्से में धुंध और धुएं की परत फैली हुई थी, जिससे शाम तक 160 उड़ानें रद्द हुई हैं। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी रद्द भी हुई हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे दिल्ली में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 387 दर्ज किया गया।

इस तरह दिल्ली में हवा की गुणवत्ता गुरुवार की तुलना में और बिगड़ गई है। गुरुवार की शाम चार बजे औसत एक्यूआई 373 था। प्रदूषण के साथ शहर के ज्यादातर हिस्से धुंध और धुएं की चपेट में रहे। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर शुक्रवार को 160 उड़ानें रद्द हो गईं। कई उड़ानें घंटों देरी से चल रही हैं। एअर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी कई विमानन कंपनियों ने उड़ानें प्रभावित होने की आशंका से यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है।

गुरुवार की आधी रात से ही कोहरा बढ़ने लगा था। सुबह नौ बजे के आसपास कोहरा कुछ हम हुआ लेकिन हवाईअड्डे पर और रनवे पर दृश्यता में सुधार नहीं हुआ। इस बीच सरकार ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान यानी ग्रैप के चौथे चरण के तहत लागू पाबंदियों को सख्ती से लागू किया है। बॉर्डर पर गाड़ियों की चेकिंग हो रही है ताकि प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों को दिल्ली में आने से रोका जा सके। हजारों गाड़ियों को प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं होने की वजह से पेट्रोल और डीजल नहीं दिए गए हैं।

Exit mobile version