Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बीस दिन पहले रोकी गई अमरनाथ यात्रा

श्रीनगर। लगातार हो रही बारिश, भूस्खलन और सड़कों के बंद होने की वजह से अमरनाथ की पवित्र गुफा की यात्रा निर्धारित समय से 20 दिन पहले रोक दी गई। बताया गया है कि अब जो जत्थे पहले से वहां पहुंचे हुए हैं उन्हीं को पवित्र गुफा तक जाने दिया जाएगा और कोई नया जत्था रवाना नहीं किया जाएगा क्योंकि लगातार बारिश से रास्ते में जोखिम बढ़ गया है। इस साल की यात्रा में अब तक 4.8 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।

यात्रा रोके जाने की जानकारी देते हुए डिविजनल कमिश्नर कश्मीर अंशुल गर्ग ने बताया कि मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में खराब मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नौ अगस्त से दोनों रूट पर यात्रा रोकने का फैसला किया गया है। हालांकि यह भी बताया गया है कि यात्रा भले ही नौ अगस्त से श्रद्धालुओं के लिए बंद हो जाएगी, लेकिन पारंपरिक छड़ी मुबारक कार्यक्रम के साथ ही इसका धार्मिक समापन होगा और वह कार्यक्रम तय समय पर होगा।

पवित्र छड़ी 28 अगस्त को पारंपरिक पहलगाम मार्ग से अमरनाथ गुफा तक जाएगी और इसी के साथ अमरनाथ यात्रा, 2026 का औपचारिक समापन होगा। गौरतलबहै कि इस साल पवित्र गुफा तक 4.8 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे लेकिन बाबा बर्फानी के दर्शन बहुत कम लोगों को हुए। 23 मई को बीएसएफ के जवानों ने जो तस्वीर जारी की थी, उसमें शिवलिंग का आकार करीब सात फीट था। 29 जून को पहली पूजा के दिन भी हिमलिंग की ऊंचाई पांच फीट से ज्यादा थी। लेकिन एक हफ्ते बात छह जुलाई को सामने आई तस्वीर में हिमलिंग करीब 90 फीसदी गायब हो गया था। फिर सात जुलाई को हिमलिंग पूरी तरह से गायब हो गया। हालांकि इसके बावजूद यात्रा जारी रही।

Exit mobile version