Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अनंत नाग को दादा साहब फाल्के पुरस्कार

नई दिल्ली। हिंदी और कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता अनंत नाग को वर्ष 2024 के दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। पांच दशक से अधिक के फिल्मी सफर में 250 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके 78 वर्षीय अनंत नाग को 22 सितंबर को गुजरात के केवडिया में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में यह सम्मान दिया जाएगा।

अनंत नाग हिंदी और कन्नड़ सिनेमा में ‘मिंचिना ओटा’, ‘हंसगीते’, ‘अंकुर’ और ‘मंथन’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाते हैं। सिनेमा के साथ रंगमंच में भी उनकी लंबी सक्रियता रही है।

पत्र सूचना कार्यालय ने कहा कि दादा साहब फाल्के पुरस्कार चयन समिति की सिफारिश पर भारत सरकार ने भारतीय सिनेमा में योगदान और पीढ़ियों को प्रेरित करने वाले उनके लंबे सिनेमाई सफर के लिए उन्हें वर्ष 2024 का प्रतिष्ठित पुरस्कार देने का फैसला किया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनंत नाग को बधाई देते हुए कहा कि कई दशकों से उनके सहज अभिनय, बहुमुखी प्रतिभा और कौशल ने भारतीय सिनेमा, विशेषकर कन्नड़ सिनेमा पर गहरी छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि अनंत नाग ने अपनी भूमिकाओं में गहराई और प्रामाणिकता पैदा की और यह एक प्रतिष्ठित कलाकार का सम्मान है।

अनंत नाग ने पांच दशकों के अपने करियर में हिंदी सहित अनेक भारतीय भाषाओं की फिल्मों में काम किया है। उन्हें भारतीय सिनेमा के सर्वोच्च सम्मानों में गिने जाने वाले दादा साहब फाल्के पुरस्कार से 22 सितंबर को केवडिया में होने वाले 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

Exit mobile version