Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ट्रंप पर सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी का तंज

भोपाल। थल सेना के प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भविष्य की चुनौतियों और सैन्य रणनीति को लेकर एक भाषण में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की समझ पर तंज किया। मध्य प्रदेश के अपने गृह जिले रीवा में एक कार्यक्रम में उन्होंने भविष्य की युद्ध स्थितियों, वैश्विक चुनौतियों और सैन्य रणनीतियों पर विस्तार से बात की. इस दौरान उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी तंज किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप को भी नहीं पता है कि आने वाले समय में वे क्या करने वाले हैं।

गौरतलब है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने कई बार दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच शांति समझौता करवाया। बहरहाल, रीवा के टीआरएस कॉलेज में छात्रों को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा कि दुनिया बहुत तेजी से बदल रही है और आने वाली चुनौतियां अनिश्चितता और जटिलता से भरी होंगी। उन्होंने कहा ‘आने वाले खतरे अस्थिरता, अनिश्चितता, जटिलता और धुंधलेपन से भरे हैं। आज जो चुनौती है, कल उससे कहीं बड़ी चुनौती सामने आ जाती है. सीमा सुरक्षा हो, आतंकवाद, प्राकृतिक आपदा या साइबर युद्ध, इन सबके साथ साथ अब स्पेस वॉरफेयर, सेटेलाइट अटैक, केमिकल, बायोलॉजिकल खतरे और अफवाहें भी युद्ध का हिस्सा बन गए हैं’।

इसी बात के संदर्भ में उन्होंने ट्रंप के अप्रत्याशित बयानों पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘आज ट्रंप क्या कर रहे हैं, शायद खुद ट्रंप भी नहीं जानते कि कल क्या करने वाले हैं’। बाद में मीडिया से बातचीत में सेना प्रमुख ने बताया कि सात मई को भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जो पहलगाम आतंकी हमले के बाद की बड़ी सैन्य कार्रवाई थी। उन्होंने कहा कि भारत ने इस ऑपरेशन में सिर्फ आतंकियों और उनके ढांचों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि ‘हमने सुनिश्चित किया कि पाकिस्तान के किसी भी निर्दोष नागरिक को नुकसान न हो। हमने सिर्फ आतंकियों और उनके आकाओं को टारगेट किया’।

Exit mobile version