Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चुनाव आयोग की चिट्ठी पर भड़के केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार का नाम लेकर उन पर हमला किया और उन पर राजनीति करने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने यहां तक कहा कि राजीव कुमार दिल्ली से चुनाव क्यों नहीं लड़ जाते। असल में केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि भाजपा की हरियाणा सरकार यमुना के पानी में जहर मिला रही है ताकि दिल्ली में नरसंहार किया जा सके।

इसे लेकर चुनाव आयोग ने केजरीवाल को चिट्‌ठी लिखी और पांच सवाल किए। आयोग ने कहा कि, ‘यमुना के पानी में किस जगह जहर मिला, सबूत दें। अमोनिया के बढ़ते लेवल के मुद्दे को जहर आदि के आरोपों से मिलाए बिना 31 जनवरी सुबह 11 बजे तक जवाब दें, वर्ना कार्रवाई की जाएगी’। आयोग की इस चिट्ठी पर केजरीवाल भड़क गए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मुख्य चुनाव आयुक्त को निशाना बनाया।

केजरीवाल ने कहा, ‘दिल्ली में खुलेआम पैसे और चादरें बांटी जा रही हैं। चुनाव आयोग इस पर कार्रवाई नहीं करता। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार राजनीति कर रहे हैं। यमुना के पानी की तीन बोतलें भेजेंगे। राजीव कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस में पानी पीकर दिखा दें’। केजरीवाल ने आगे कहा, ‘राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। उन्हें रिटायरमेंट के बाद नौकरी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग का कबाड़ा कर दिया। उन्होंने जैसी भाषा आज लिखी है ये चुनाव आयोग का काम नहीं है। उन्हें इतिहास माफ नहीं करेगा। यदि राजीव कुमार को राजनीति करनी है तो वे दिल्ली की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ लें’।

Exit mobile version