Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

सबसे बड़ी तेल कंपनी पर हमला

नई दिल्ली। अमेरिका और इजराइल के हमले के तीसरे दिन सोमवार को ईरान ने अमेरिका के मित्र देशों के अलग अलग रणनीतिक ठिकानों पर हमला जारी रखा। उसने सऊदी अरब की सबसे बड़ी तेल कंपनी अरामको पर हमला किया। इस हमले के बाद अरामको ने अपनी रास तनुरा तेल रिफाइनरी बंद कर दी। इस बाद आई एक रिपोर्ट में कहा गया कि अरामको की रिफाइनरी बंद होने की खबरों से कच्चे तेल की कीमतें नौ फीसदी से ज्यादा बढ़ गईं।

बताया जा रहा है कि ईरानी ड्रोन के हमले से अरामको की रिफाइनरी में आग लग गई। कंपनी ने कहा है कि एहतियाती कदम उठाए गए हैं और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।  सऊदी अरब के सरकारी टीवी ने बताया है कि रास तनूरा रिफाइनरी को कुछ समय के लिए ही बंद किया गया है। दूसरी ओर कतर के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि दो मिसाइल हमलों में ऊर्जा से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया गया। मंत्रालय के मुताबिक, एक मिसाइल ने मेसाईद एनर्जी प्लांट के वॉटर स्टोरेज टैंक को निशाना बनाया, जबकि दूसरी मिसाइल रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी में स्थित कतर एनर्जी से संबद्ध एक ऊर्जा सुविधा पर गिरी। इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Exit mobile version