Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

चढ़ावा चोरी पर दूसरी एसआईटी बनी, सीए भी शामिल होंगे

नई दिल्ली। अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले की नए सिरे से जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक दूसरी विशेष जांच टीम यानी एसआईटी बना दी गई है। सुप्रीम कोर्ट में सोमवार की सुनवाई में उत्तर प्रदेश सरकार ने इसकी जानकारी दी। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि एसआईटी में एक चार्टर्ड अकाउंटेंट शामिल किया जाए।

सोमवार को हुई सुनवाई में सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता ने कोर्ट को बताया कि नई एसआईटी बना दी गई है। पुलिस महानिरीक्षक यानी आईजी किरण एस इसे लीड कर रहे हैं। टीम में एक डीआईजी, एक एसएसपी और एक एएसपी भी शामिल हैं। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने सॉलिसीटर जनरल से पूछा कि क्या चोरी की जांच कर रही एसआईटी की इस नई टीम को हर चीज का एक्सेस होगा? इस पर तुषार मेहता ने कहा कि एसआईटी हर चीज की जांच कर सकती है।

सोमवार की सुनवाई में चीफ जस्टिस ने कहा, ‘हम इस जांच को बंद नहीं कर रहे हैं। चोरी के इस मामले में और भी सुधार के कदम उठाने होंगे। एसआईटी में फोरेंसिक ऑडिटर को शामिल कीजिए। ऑडिटर वित्तीय अपराधों का पता लगाने के लिए खातों और रिकॉर्ड्स की जांच करेगा’। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद तय की है। अदालत ने एसआईटी को निर्देश दिया है कि वह दो हफ्ते के भीतर अपनी जांच की स्टेटस रिपोर्ट अदालत में दाखिल करे। अब अगली सुनवाई में कोर्ट इस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।

Exit mobile version