Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

जेल से रिहा हुए आजम खान

Azam Khan Chandrashekhar Azad

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताओं में से एक आजम खान जेल से रिहा हो गए हैं। उत्तर प्रदेश में तीन महीने बाद होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आजम खान की रिहाई सपा के लिए बड़ी राहत की बात है। खास कर असदुद्दीन ओवैसी की सक्रियता के कारण भी सपा को आजम खान की जरुरत महसूस हो रही थी। पिछले दिनों अखिलेश यादव और शिवपाल यादव दोनों ने जेल में जाकर आजम खान से मुलाकात की थी।

बहरहाल, सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट से राहत मिलने के बाद आजम खान की बुधवार को गाजियाबाद की डासना जेल से रिहाई हुई। गाजियाबाद की सीजेएम कोर्ट में बुधवार को उनकी जमानत से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उनकी रिहाई हुई। कोर्ट ने जमानत के लिए 50-50 हजार रुपए के दो जमानती और 50 हजार रुपए के निजी मुचलके की शर्त रखी थी। इसके साथ ही अदालत के निर्देश के अनुसार एक हलफनामा भी दाखिल किया गया।

आजम खान की रिहाई पर उनकी पत्नी तजीन फातमा ने सुप्रीम कोर्ट और इलाहाबाद हाई कोर्ट का आभार जताते हुए कहा कि उनको हमेशा न्यायपालिका पर भरोसा रहा है। उन्होंने कहा, ‘मुझे हमेशा अल्लाह पर बहुत भरोसा रहा कि एक दिन न्याय जरूर मिलेगा। जब जुल्म का प्याला भर जाता है, तो अन्याय अपनी हद तक पहुंच जाता है। जिस तरह आजम साहब को जेल के गेट से ईडी ले गई, वह शायद जुल्म की आखिरी हद थी। मुझे भरोसा था कि न्याय मिलेगा’। उन्होंने रिहाई को सच और न्याय की जीत कहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान जेल से बाहर निकलने वाले थे। लेकिन सुबह सात बजे ईडी ने जेल गेट से ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद ईडी उन्हें पूछताछ के लिए भी ले गई थी। आजम खान ने ईडी की गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत को अदालत में चुनौती दी थी। पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन शीर्ष अदालत ने उन्हें हाई कोर्ट जाने की सलाह दी थी। हाई कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए मंगलवार को उनको अंतरिम जमानत दे दी।

Exit mobile version