Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

बांकीपुर में भाजपा प्रत्याशी मैदान से हटा

पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के इस्तीफे से खाली हुई बांकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा ने जिसको टिकट दिया है वह चुनाव मैदान से हट गया है। इस सीट से जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर चुनाव लड़ रहे हैं और भाजपा ने अभिषेक कुमार को उम्मीदवार बनाया था। लेकिन नामांकन करने के एक दिन के बाद ही अभिषेक ने नाम वापस ले लिया। भाजपा ने उनकी जगह नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। बांकीपुर में 30 जुलाई को वोटिंग है और तीन अगस्त को वोटों की गिनती होगी।

बताया जा रहा है कि अभिषेक के नामांकन पत्र में परिवार और शिक्षा से जुड़ी जानकारी में गड़बड़ियों के चलते भाजपा ने यह फैसला लिया। भाजपा को डर था गड़बड़ियों के चलते अभिषेक का नामांकन रद्द हो सकता है। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि पारिवारिक पृष्ठभूमि को लेकर सवाल उठ रहे थे। परिवार के कुछ सदस्यों के खिलाफ कथित मुकदमों के कारण भी विवाद की आशंका थी। कहा जा रहा था कि प्रशांत किशोर उनके खिलाफ प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले हैं। उससे पहले पार्टी ने उनका नाम वापस कराया है।

बहरहाल, अभिषेक कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष को एक चिट्ठी लिख कर चुनाव मैदान से हटने का ऐलान किया है। उन्होंने लिखा है, ‘मुझे बीजेपी ने बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी बनाया, उसके लिए केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करता हूं। विनम्रता के साथ आपको आग्रह करना चाहता हूं कि मैं पारिवारिक कारण से विधानसभा उप चुनाव लड़ने में असमर्थ हूं। मैं कार्यकर्ता के नाते निष्ठा पूर्वक सेवा देता रहूंगा’।

बांकीपुर सीट पर नामांकन की प्रक्रिया 13 जुलाई तक चलेगी। अभिषेक ने गुरुवार को नामांकन दाखिल किया था। नामांकन सभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा एनडीए के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। गुरुवार को ही राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता ने नामांकन किया था। जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर 13 जुलाई को पर्चा भरेंगे।

Exit mobile version