नई दिल्ली। सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद देश छोड़ कर भाग गए हैं। रूस के एक मंत्री ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि असद ने राष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया है और देश छोड़ कर चले गए हैं। इससे पहले खबर आई थी कि असद का परिवार सीरिया छोड़ कर रूस पहुंच गया है। बहरहाल, असद के देश छोड़ने के साथ ही देश की सेना ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि उनका शासन खत्म हो गया है। अब सीरिया पर विद्रोहियों का कब्जा है।
गौरतलब है कि सीरिया में लंबे समय से गृहयुद्ध चल रहा था। लेकिन पिछले 11 दिनों से विद्रोही गुटों और सेना के बीच सीरिया पर कब्जे की लड़ाई चल रही थी। विद्रोही लड़ाकों ने रविवार को राजधानी दमिश्क पर कब्जा कर लिया। इससे पहले उन्होंने सारे अहम शहरों जैसे अलेप्पो, होम्स, हमा, दारा आदि पर कब्जा कर लिया था। बहरहाल, असद के देश छोड़ने के बाद सीरिया के प्रधानमंत्री ने विद्रोहियों को सत्ता सौंपने का प्रस्ताव दिया है। प्रधानमंत्री मोहम्मद गाजी अल जलाली ने एक वीडियो में कहा है कि वो देश में ही रहेंगे और जिसे भी सीरिया के लोग चुनेंगे, उसके साथ मिलकर काम करेंगे।
Also Read: अजित पवार की एक हजार करोड़ की संपत्ति रिलीज
पिछले 11 दिन में विद्रोहियों के अलग अलग गुट ने सीरिया के चार बड़े शहरों पर कब्जा कर लिया। इनमें अलेप्पो, हमा, होम्स और दारा शामिल हैं। इसके बाद विद्रोही लड़ाके दारा शहर की ओर से राजधानी दमिश्क में घुसे। उन्होंने रविवार को राजधानी दमिश्क पर कब्जा किया। इससे एक दिन पहले खबर आई थी कि सीरिया की सेना पीछे हट रही है। बहरहाल, दारा और दमिश्क में स्थानीय विद्रोहियों ने कब्जा किया है, जबकि अलेप्पो, हमा और होम्स इस्लामी चरमपंथी ग्रुप हयात तहरीर अल-शाम के कब्जे में है। असद के देश छोड़ कर भागने के बाद लोगों ने इकट्ठा होकर असद सरकार के गिरने की खुशी मनाई। लोगों के सेना के टैंकों पर चढ़कर जश्न मनाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
गौरतलब है कि सीरिया में 27 नवंबर को सेना और सीरियाई विद्रोही गुट हयात तहरीर अल शाम यानी एचटीएस के बीच 2020 के युद्धविराम के बाद फिर संघर्ष शुरू हुआ था। इसके बाद एक दिसंबर को विद्रोहियों ने सीरिया के दूसरे सबसे बड़े शहर अलेप्पो पर कब्जा कर लिया। इसे राष्ट्रपति बशर अल असद ने सीरिया की जंग के दौरान चार साल की लड़ाई के बाद जीता था। अलेप्पो जीतने के बाद पांच दिन में विद्रोहियों ने तीन और बड़े शहरों पर कब्जा किया और उसके बाद राजधानी दमिश्क पर भी कब्जा कर लिया।