Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

एयरटेल से मस्क की कंपनी का करार

नई दिल्ली। भारत में जल्दी ही सेटेलाइट से इंटरनेट की सेवा शुरू हो सकती है। सेटेलाइट से इंटरनेट की सेवा देने वाली दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की कंपनी स्टारलिंक के साथ एयरटेल का करार हुआ है। एयरटेल ने मंगलवार को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में इस करार की जानकारी दी। समझौते के तहत, स्पेसएक्स और एयरटेल बिजनेसेस, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य सेवा केंद्रों और दूरदराज के क्षेत्रों में स्टारलिंक सर्विसेस देने के लिए मिलकर काम करेंगे।

कंपनी की ओर से बताया गया है कि एयरटेल के मौजूदा नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर में स्टारलिंक टेक्नोलॉजी इंटीग्रेट करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। गौरतलब है कि स्टारलिंक पूरी दुनिया में यूजर्स को सेटेलाइट के जरिए हाई स्पीड इंटरनेट देता है। उसके पास पृथ्वी की निचली कक्षा में सात हजार से ज्यादा सेटेलाइट का दुनिया का सबसे बड़ा सेटेलाइट नेटवर्क है। स्टारलिंक का काम दूर दराज के इलाकों को भी सेटेलाइट के जरिए तेज इंटरनेट से जोड़ना है। इसका फायदा जंगल और पहाड़ी इलाकों में खासतौर से होता है। इसमें कंपनी एक किट उपलब्ध करवाती है जिसमें राउटर, पावर सप्लाई, केबल और माउंटिंग ट्राइपॉड दिया जाता है।

Exit mobile version