Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पांच राज्यों में भाजपा के अध्यक्ष चुने गए

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठन चुनाव की गति तेज कर दी है। मंगलवार को पांच राज्यों में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए। बुधवार को मध्य प्रदेश के अध्यक्ष का भी ऐलान हो जाएगा। मध्य प्रदेश में मौजूदा अध्यक्ष वीडी शर्मा की जगह हेमंत खंडेलवाल अध्यक्ष बनेंगे। उन्होंने मंगलवार को नामांकन किया। अकेले उन्होंने ही नामांकन किया है। इसलिए बुधवार को निर्विरोध उनके चुनाव की घोषणा हो जाएगी। भाजपा दो दिन में नौ राज्यों में अध्यक्ष नियुक्त कर रही है। इसके बाद जल्दी ही राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की प्रक्रिया शुरू होगी।

सोमवार को पांच राज्यों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में नामांकन हुआ था और पांचों राज्यों में मंगलवार को निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए गए। हिमाचल में राजीव बिंदल को तीसरी बार कमान दी गई है तो उत्तराखंड में महेंद्र भट्ट दूसरी बार अध्यक्ष बने हैं। तेलंगाना में भाजपा विधायक टी राजा के इस्तीफे के बावजूद रामचंद्र राव को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। महाराष्ट्र में रविंद्र चव्हाण और आंध्र प्रदेश में पीएनवी माधव  प्रदेश अध्यक्ष बने हैं।

हिमाचल प्रदेश में डॉ. राजीव बिंदल को तीसरी बार राज्य में पार्टी की कमान मिली है। शिमला के पीटरहॉफ में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उनके नाम की घोषणा की। बिंदल सोलन नाहन विधानसभा सीट से पांच बार विधायक रहे हैं। वे धूमल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री और जयराम सरकार में विधानसभा अध्यक्ष रहे थे। उनको पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का करीबी माना जाता है। उत्तराखंड में भाजपा ने महेंद्र भट्ट को लगातार दूसरी बार राज्य में पार्टी का अध्यक्ष बनाया है। उन्हें अप्रैल, 2024 में राज्यसभा का सांसद भी बनाया गया था। भट्ट चमोली जिले की बद्रीनाथ विधानसभा सीट से विधायक भी रहे हैं।

आंध्र प्रदेश में पीएनवी माधव प्रदेश अध्यक्ष बने हैं। उनके पिता पीवी चलपति राव अविभाजित आंध्र प्रदेश के पहले भाजपा अध्यक्ष थे। चलपति राज्य में पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। माधव 2003 में भारतीय जनता युवा मोर्चा से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी। तेलंगाना में रामचंद्र राव को प्रत्याशी बनाए जाने पर विवाद हुआ था। फिर भी उनका अकेले नामांकन हुआ और मंगलवार को उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया। महाराष्ट्र में कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई है। वे डोंबिवली विधानसभा सीट से लगातार चार बार से विधायक हैं। चव्हाण एकनाथ शिंदे की सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।

Exit mobile version